रकार ने चंद्रयान- 3 के मिशन को मंजूरी दी, काम जारी - इसरो

बेंगलुरु, 1 जनवरी (भाषा) : इसरो ने बुधवार को ऐलान किया कि चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण अगले वर्ष हो सकता है। साथ ही, महत्वाकांक्षी गगनयान कार्यक्रम के लिए भी चार अंतरिक्ष यात्रियों को चयनित किया गया है और जल्द ही रूस में उनका प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। हालांकि, एक दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा था कि भारत 2020 में चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण करेगा। इसरो प्रमुख के. सिवन ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तीसरे चंद्रयान मिशन से संबंधित सभी गतिविधियां सुचारू रूप से चल रही हैं। इसमें पहले की तरह लैंडर, रोवर और एक प्रोपल्शन मॉड्यूल होगा। सिवन ने कहा कि चंद्रयान-3 और मिशन गगनयान, दोनों का काम एक साथ चल रहा है। गगनयान मानव को अंतरिक्ष में ले जाने का भारत का पहला अभियान है। चंद्रयान-3 पर 250 करोड़ रुपए का खर्च होगा। सिवन ने कहा कि श्री हरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के स्पेस पोर्ट के अलावा दूसरे प्रक्षेपण स्थल के वास्ते तूतिकोरीन ज़िले में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है।