मंत्रियों के समूह ने की स्थिति की समीक्षा

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (भाषा) : देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में अचानक वृद्धि के बीच सरकार ने शुक्रवार को देशव्यापी लॉकडाउन (बंद) के कारण उत्पन्न स्थिति एवं सम्पूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाले मंत्रियों के समूह (जीएओएम) ने स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राम विलास पासवान, रेल मंत्री पीयूष गोयल, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी शिरकत की। मंत्रियों ने कोरोना के मामले बढ़ने से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए उठाए गए कदमों एवं व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही लॉकडाउन के मद्देनज़र पर्याप्त मात्रा में आवश्यक वस्तुओं एवं दवा की आपूर्ति सुनिश्चित करने के कदमों के बारे में जानकारी दी गई। सूत्रों ने बताया कि प्रवासी मज़दूरों के पलायन के मुद्दे पर मंत्रियों के समूह ने महसूस किया कि इसका भी समाधान निकाल लिया गया है और उनकी राज्य सरकारों द्वारा स्थापित अस्थाई आश्रयों में देखभाल की जा रही है। बैठक में रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी. वी. सदानंद गौड़ा, कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईराली, जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने भी हिस्सा लिया। सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों के समूह ने हज़ारों स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों एवं सशस्त्र बलों के कर्मियों सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की शृंखला से जुड़े लोगों के योगदान एवं समर्पण की सराहना की।