उत्तर भारत में लू का प्रकोप बढ़ा, तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस

नई दिल्ली, 25 मई (भाषा) : उत्तर भारत में सोमवार को गर्मी तथा लू का प्रकोप और बढ़ गया। राजस्थान के चुरु में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान 45 से 47 डिग्री के बीच रहा जबकि पंजाब और हरियाणा में भी लोगों को गर्मी का प्रकोप सहना पड़ा। हरियाणा के नरनौल में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश में प्रयागराज 46.3 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर भारत में गर्मी के लिहाज से 25-26 मई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है जहां लू का प्रकोप अपने चरम पर हो सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है