फ्रांस से भारत के लिए 5 राफेल लड़ाकू विमानों ने भरी उड़ान 

पैरिस, 27 जुलाई - चीन से तनातनी के बीच भारत के लिए फ्रांस से 5 राफेल विमान उड़ निकले हैं। ये 29 जुलाई को हरियाणा के अंबाला में भारतीय एयर फोर्स का हिस्सा बनेंगे। फ्रांस से उड़े इन लड़ाकू विमानों में भारत पहुंचने से पहले यूएई में ईंधन भरा जाएगा। फ्रांस में भारत के दूतावास ने तस्वीरें साझा करते हुए बताया नए राफेल भारतीय बेड़े में शामिल होने के लिए फ्रांस से उड़ रहे हैं। फ्रांस से खरीदे गए बेहद आधुनिक और शक्तिशाली 36 राफेल विमानों की यह पहली खेप है। विमान बुधवार को भारत पहुंचेंगे। इंडियन एयरफोर्स के 12 पायलट और इंजीनियर्स को ट्रेनिंग दी गई है। उड़ान भरने से पहले फ्रांस में भारत के राजदूत ने पायलटों से मुलाकात की।