फ्लाईओवर से नीचे गिरी तेज रफ़्तार कार, दो युवक गंभीर घायल

नई दिल्ली, 28 अगस्त - राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर दिखा। तेज रफ्तार होंडा सिटी कार एलिवेटेड रोड फ्लाईओवर से नीचे आ गिरी। इसमें कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन दोनों घायलों को दीनदयाल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।