पेगासस के कारण इस्राइल के पक्ष में वोट की बात बेबुनियाद - पूर्व राजनयिक अकबरुद्दीन

वॉशिंगटन, 31 जनवरी - संयुक्त राष्ट्र में भारत के पूर्व स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने न्यूयॉर्क टाइम्स (एनवाईटी) में छपी उस खबर को बकवास बताया है जिसमें इशारा किया गया है कि इस्राइल से पेगासस की खरीद करने के बाद नई दिल्ली ने संयुक्त राष्ट्र में इस्राइल के पक्ष में मतदान किया था। अकबरुद्दीन ने शनिवार को कहा, यूएन में भारत के मतदान के बारे में जो इशारा किया गया है वह बकवास है। अकबरुद्दीन अभी कौटिल्य स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी के डीन हैं। उन्होंने कहा, 2019 में किसी ने वोटिंग के समय भारत से संपर्क नहीं किया था। न तो फिलिस्तीन और न ही इस्राइल ने। उस वोटिंग को पेगासस से जोड़ना गंभीर त्रुटि है।