वाशिंगटन को ही क्यों बनाया अमरीका की राजधानी ?

‘दीदी, कई दिन से मैं यह सोच रहा था कि अमरीका में अनेक महत्वपूर्ण शहर हैं तो फिर वाशिंगटन को ही उसकी राजधानी क्यों बनाया गया?’
‘क्रांति के बाद अमरीका को एक राजधानी की आवश्यकता थी। समस्या यह थी कि किस शहर का चयन किया जाये क्योंकि इस देश के विभिन्न राज्य व वर्ग अपने अपने शहरों को राष्ट्रीय राजधानी का सम्मान देना चाहते थे। इसलिए एक समझौता किया गया।’
‘कैसा समझौता?’
‘यही कि राष्ट्रीय राजधानी के लिए एक नया शहर बसाया जाये। इसके तहत कांग्रेस ने 1790 में साईट के चयन की अनुमति देने संबंधी एक विधेयक पारित किया।’
‘किसी विशेष स्थान की ओर इशारा करते हुए।’
‘हां। वह जगह पोटोमक नदी के करीब हो और 25.9 वर्ग किमी से अधिक न हो। इस भूमि को क्रिस्टोफर कोलम्बस के सम्मान में डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया कहा जाये और उस पर जो शहर विकसित किया जाये उसे वाशिंगटन कहा जाये।’
‘वाशिंगटन ही क्यों?’
‘जॉर्ज वाशिंगटन अमरीका के पहले राष्ट्रपति थे, उनके सम्मान में यह नाम दिया गया। जॉर्ज वाशिंगटन ने 1791 में उस जगह का चयन किया जहां आज अमरीका की राजधानी है। उन्हें यह जगह इसलिए भी अच्छी लगी क्योंकि पोटोमक नदी इतनी गहरी है कि पानी के जहाज़ शहर के करीब तक आ सकते थे।’
‘फेडरल सरकार को यह भूमि किस राज्य ने दी।’
‘दरअसल, राजधानी निर्माण के लिए दो राज्यों ने भूमि दी थी। मेरीलैंड ने लगभग 165 वर्ग किमी भूमि दी थी और वर्जिनिया ने लगभग 93 वर्ग किमी। लेकिन बाद में 1846 में वर्जिनिया की भूमि उसके आग्रह पर उसे वापस कर दी गई।’
‘वाशिंगटन शहर को किससे डिज़ाइन कराया गया?’
‘इसके लिए फ्रांस के इंजीनियर व आर्किटेक्ट मेजर पैरी लाइन्फेंट को ज़िम्मेदारी दी गई कि वह चौड़ी सड़कें बनाएं जिनके किनारों पर पेड़ हों, सुंदर सरकारी इमारतें हों और महान लोगों के सम्मान में स्मारक हों। 1800 तक प्रेसिडेंट हाउस लगभग पूर्ण हो गया था और उसी साल राष्ट्रपति जॉन एडम्स व सरकार के अन्य सदस्य नये शहर में शिफ्ट हो गये । पहाड़ी पर बने कैपिटोल, जहां कांग्रेस की बैठक होती है, को कैपिटोल हिल नाम दिया गया।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर