महाराष्ट्र: पुणे में जीका वायरस के दो मामले आए सामने 

पुणे (महाराष्ट्र), 26 जून - महाराष्ट्र के पुणे से ज़ीका वायरस का मामला सामने आया है। शहर के एक 46 वर्षीय डॉक्टर और उनकी बेटी में इस वायरल की पुष्टि हुई है। इसके बाद से ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरस से ग्रसित डॉक्टर व उनकी बेटी की हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पहले डॉक्टर को बुखार आया और फिर शरीर पर चकत्ते जैसे नज़र आए। लक्षण नजर आने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में उनके ब्लड सैंपल लेकर शहर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) को जांच के लिए भेजे गए। 21 जून को ब्लड रिपोर्ट सामने आने के बाद उनमें वायरस की पुष्टि हुई। इसके बाद उनकी फैमिली के अन्य पांच सदस्यों के भी ब्लड सैंपल टेस्टिंग के लिए भेजे गए, जिसमें खुलासा हुआ कि उनकी 15 साल की बेटी भी ज़ीका वायरस से संक्रमित है।