दुनिया भारत को विस्तार से जानना चाहती है - प्रधानमंत्री मोदी
दिल्ली, 1 मार्च - भारत मंडपम में NXT कॉन्क्लेव 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनियाभर के लोग भारत आना चाहते हैं और भारत को जानना चाहते हैं। आज भारत दुनिया का वो देश है, जहां हर दिन सकारात्मक खबरें बन रही हैं। जहां हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। 26 फरवरी को प्रयागराज में एकता का महाकुंभ संपन्न हुआ। दुनिया इस बात से हैरान है कि कैसे करोड़ों लोग एक नदी तट पर बसे एक अस्थायी जगह पर पवित्र स्नान करने के लिए आते हैं। दुनिया भारत की संगठन और नवाचार कौशल को देख रही है। दुनिया इस भारत को विस्तार से जानना चाहती है। कुछ महीने पहले ही, भारत ने दुनिया के सबसे बड़े चुनाव कराए हैं। 60 साल बाद ऐसा हुआ जब भारत में कोई सरकार लगातार तीसरी बार वापस लौटी है। इस जन-विश्वास का आधार पिछले 11 साल में भारत की अनेकों उपलब्धियां हैं। मुझे विश्वास है कि आपका नया चैनल भारत की वास्तविक कहानियां दुनिया तक पहुंचाएगा। बिना कोई रंग दिए आपका ग्लोबल चैनल, भारत की वैसी ही तस्वीर दिखाएगा, जैसा वो है। हमें मेकअप की जरूरत नहीं है। कई साल पहले मैंने वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल का विजन देश के सामने रखा था। आज हम इस विजन को सच्चाई में बदलते हुए देख रहे हैं। आज हमारे आयुष प्रॉडक्ट्स और योग, लोकल से ग्लोबल हो गए हैं। आज भारत के सुपरफूड, हमारा मखाना, लोकल से ग्लोबल हो रहा है। भारत के मिलेट्स-श्रीअन्न भी, लोकल से ग्लोबल हो रहे हैं। भारत, दुनिया का सातवां सबसे बड़ा कॉफी एक्सपोर्टर बन गया है।