बिहार में आंधी, बारिश और वज्रपात ने जमकर तबाही मचाई 20 जिलों में 61 लोगों की मौत


पटना , 11 अप्रैल - बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी, बारिश और वज्रपात ने जमकर तबाही मचाई है। नालंदा, सीवान, सारण, भोजपुर, अरवल, गया, दरभंगा, जमुई और सहरसा समेत 20 जिलों में 61 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इसमें सबसे अधिक मौतें नालंदा में हुई। यहां पेड़ गिरने से 22 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं सीवान में वज्रपात से चार लोगों की मौत हुई। वज्रपात से कुल 23 लोगों की मौत हुई। आंधी और बारिश के कारण नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में बालमत बिगहा गांव में एक पुल ध्वस्त हो गया। इसके नीचे शरण लिए तीन लोग इसमें दब गए। तीनों की मौत हो गई। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा चल रही थी। वहीं बारिश की बात करें सबसे अधिक पटना में 42.6 एमएम बारिश हुई। 
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी कई जिलों में एक या दो स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सुपौल, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिम और पूर्वी चंपारण में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। पटना के मौसम की बात करें तो आज सुबह धूप निकली है। ठंडी हवा ने तापमान में गिरावट लाई है। हालांकि यहां भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया, बेगूसराय, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर, रोहतास और भोजपुर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

#बिहार
# आंधी
# बारिश