भाजपा पार्षद की मां से रिवाल्वर की नोक पर 5 लाख की लूट 

बटाला, 17 फरवरी (वनीत गोयल) : पुलिस की सुरक्षा को शहर में धत्ता बताते हुए लुटेरों ने सिटी इलाके में शुक्रवार देर रात भाजपा पार्षद की मां को रिवाल्वर की नोक पर लूट लिया। पैसों का बैग छीन कर कार में लुटेरे फरार हो गए। बैग में करीब 5 लाख रुपए थे। सूचना मिलने पर एस.एस.पी. अपने अधिकारियों को लेकर उनके घर पहुंचे। सीसीटीवी में लुटेरों की पूरी फुटेज कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार मधु महाजन पत्नी भूषण महाजन निवासी गणपति एनकलेव शाम को बाज़ार में स्थित अपने शोरूम से दिन भर की कैश लेकर घर जा रही थी। उसके साथ दुकान का वर्कर अमन भी था। अमन स्कूटी चला रहा था। रास्ते में उनके घर के पास ही कुछ दूरी पर एक मोड पर एक कार आई। उसमें सवार चार युवकों ने स्कूटी को रोक लिया। युवकों ने रिवालवर निकाली और दोनों की कनपटी पर रख दी। उसके बाद उनके पास से बैग छीन कर मौके से फरार हो गए। उनके भागने के बाद दोनों ने शोर मचाया। परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद विनय महाजन जोकि भाजपा नेता तथा एम.सी. है। वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी माता से पूरी बात पूछी। उसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के बयान लिए। बताया गया है कि बैग में साढ़े चार से लेकर 5 लाख रुपए के बीच में पैसे थे। हर रोज महिला अपनी दुकान से दिन भर की कैश लेकर घर आती है। पुलिस अनुमान लगा रही है कि लुटेरों को पता था कि हर रोज ऐसा होता है। इसलिए उन्होंने पूरे प्लान के साथ लूट की है। इस तरह से शहर के बीच में लूट होने से पुलिस के काम करने पर कई प्रकार के सवाल खड़े हुए है। इस बारे में एस.एस.पी. बटाला उपिन्द्रजीत सिंह घुम्मन ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।