केजरीवाल की शुगर बढ़ी, प्राकृतिक चिकित्सा के लिए जा सकते हैं बेंगलुरू

नई दिल्ली, 20 जून (भाषा) : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दस दिन की प्राकृतिक चिकित्सा के लिए कल बेंगलुरु रवाना हो सकते हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार उपराज्यपाल के कार्यालय पर नौ दिन के धरने के बाद केजरीवाल की तबीयत ठीक नहीं रह रही है। प्रदर्शन के दौरान उनके शर्करा का स्तर बढ़ गया था और उन पर इंसुलिन लेने का भी कोई असर नहीं हो रहा है। अधिकारियों ने बताया, ‘शर्करा के स्तर पर नियंत्रण के लिए उनके दस दिन के लिए कल बेंगलुरु रवाना होने की संभावना है।’ उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खांसी की समस्या के लिए पहले भी बेंगलुरु में प्राकृतिक चिकित्सा उपचार करवा चुके हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जानकारी दी कि शर्करा के स्तर के कारण केजरीवाल को परेशानी हो रही है। हालांकि केजरीवाल के बेंगलुरु जाने से आईएएस अधिकारियों के साथ उनकी बैठकों में विलंब हो सकता है।