बैडमिंटन खिलाड़ी सायना-कश्यप 16 दिसम्बर को करेंगे शादी!

नई दिल्ली, 26 सितम्बर (वार्ता) : भारतीय बैडमिंटन की स्टार और ओलंपिक पदक विजेता सायना नेहवाल पुरूष शटलर परूपल्ली कश्यप के साथ जिंदगी का ‘मिश्रित युगल’ मैच खेलने जा रही हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पूर्व राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता 32 वर्षीय कश्यप तथा 28 वर्षीय सायना इस वर्ष दिसम्बर में विवाह बंधन में बंध सकते हैं। बताया जा रहा है कि शादी इस वर्ष 16 दिसम्बर को हो सकती है जिसमें करीबी 100 मेहमान हिस्सा लेंगे जबकि 21 दिसम्बर को रिसेप्शन दिया जाएगा। इस वर्ष गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भी सायना ने कश्यप का जिक्र करते हुये कहा था कि कश्यप ने उन्हें जीतने के लिए बहुत प्रेरित किया था। सायना नेहवाल ने गोल्ड कोस्ट में पीवी सिंधू को हराकर महिला एकल का स्वर्ण पदक जीता था। 28 वर्षीय सायना ने अपने करियर में अब तक 20 मेजर खिताब जीते हैं जिसमें लंदन ओलंपिक का एकल कांस्य तथा विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक शामिल हैं। वहीं पुरूषों में स्टार खिलाड़ियों में शामिल परूपल्ली कश्यप विश्व में छठी रैंक तक पहुंच चुके हैं, हालांकि चोट के बाद उनके प्रदर्शन और रैंकिंग में गिरावट आई है। सायना फिलहाल कोरिया ओपन में खेल रही हैं। तीन बार की राष्ट्रीय चैंपियन और पूर्व नंबर एक सायना ने हाल ही में एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।