इंटिग्रेटिड बॉर्डर सिक्योरिटी सिस्टम से होगी देश की सीमाओं की सुरक्षा : राजनाथ

नारायणगढ़, 30 सितम्बर  (गुलियानी) : केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए ईजरायल की तर्ज पर इंटिग्रेटिड बॉर्डर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की 22 हज़ार किलोमीटर लम्बी थल व जल सीमा को तारें लगाकर सुरक्षा प्रदान करना संभव नहीं है इसलिए केन्द्र सरकार ने तकनीकी आधारित सुरक्षा व्यवस्था को अपनाने का निर्णय लिया है। राजनाथ सिंह आज नारायणगढ़ उपमंडल के खंड शहजादपुर में श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी व सांसद रत्न लाल कटारिया द्वारा आयोजित विकास रैली में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 4 वर्ष पहले उन्होंने नारायणगढ़ में ही लोगों से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी को विधायक बनाने की अपील करते हुए इस क्षेत्र में पुन: आने का वचन किया था और उसी वायदे के तहत वे विकास रैली में उपस्थित हुए हैं। उन्होंने श्रम एवं राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा सांसद रतन लाल कटारिया की जनसेवा की राजनीति की भी सराहना की। उन्होंने खाद्यान्न, खेलों और देश की रक्षा में हरियाणा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि तीनो क्षेत्रों में जब भी जरूरत पड़ी है, तो हरियाणा ने ही देश के झंडे को बुलंद किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल सौदे के हर पहलू को सार्वजनिक करने की गैर व्यवहारिक मांग करके देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र से जुड़े मसलों में देश की सुरक्षा को मध्यनजर रखते हुए हर पहलू को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता और ऐसा वर्तमान सरकार में ही नहीं बल्कि पूर्व की सरकारों में भी होता रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए बड़ी चुनौती बन चुके नक्सलवाद को भी केन्द्र सरकार ने मजबूती से नियंत्रित किया है और सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद की गतिविधियों को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है और उनकी सोच के आधार पर कोई योजना लागू नही की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गरीबी उन्मूलन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ राष्ट्र, खुले में शौचमुक्त वातावरण जैसी सोच को धरातल पर लागू किया है।