मां के जन्मदिन के लिए भारत जाने का सपना टूटा, गोली लगने से मौत

न्यूयॉर्क, 18 नवम्बर (भाषा) : अपनी मां का जन्मदिन और क्रिसमस मनाने के लिए भारत जाने की तैयारी कर रहे 61 वर्षीय भारतीय की अमरीका के न्यू जर्सी राज्य में एक किशोर ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार वेंट्नोर शहर में 16 साल के एक किशोर ने सुनील एडला की उनके घर के बाहर बृहस्पतिवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी। एडला अटलांटिक काउंटी में बीते 30 बरस से रह रहे थे और अटलांटिक सिटी के हॉस्पिटेलिटी उद्योग में काम करते थे। वह इस महीने अपनी मां का 95वां जन्मदिन मनाने और परिवार के साथ क्रिसमस मनाने के लिए 27 नवम्बर को भारत जाने वाले थे। खबर के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कई गोलियां लगने की वजह से उनकी मौत हुई है। आरोपी की उम्र के कारण उसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है। अटलांटिक काउंटी के अभियोजक डी जी टाइनर ने बताया कि उसे एग हरबर सिटी से गिरफ्तार किया गया है। उस पर हत्या, लूटपाट, कार की लूट और गैरकानूनी उद्देश्य के लिए गैरकानूनी तरीके से हैंडगन रखने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मानती है कि आरोपी ने एडला पर गोली चलाई और उनकी कार पर कब्ज़ा कर लिया। पुलिस को कार बाद में मिली।