शहीद भगत सिंह संग्रहालय हेतु संस्कृति मंत्रालय ने दिए 1673 लाख


नई दिल्ली, 8 जनवरी (भाषा) : पंजाब में स्थित शहीद भगत सिंह संग्रहालय के लिए संस्कृति मंत्रालय अब तक 1673 लाख रुपए की राशि जारी कर चुका है और संग्रहालय परिसर का प्रथम चरण पूरा होने के बाद 23 मार्च 2018 को इसका उद्घाटन किया जा चुका है। संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा ने मंगलवार को राज्यसभा को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 2007 से 2009 की अवधि के दौरान 1680.60 लाख रुपये की लागत से शहीद भगत सिंह संग्रहालय के निर्माण, उन्नयन और आधुनिकीकरण के लिए मंजूरी दी गई थी। यह कार्य भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव, शहीद भगत सिंह की जन्म शताब्दी और उनकी शहादत की 75वीं जयंती के तहत किया जाना था।