कोलकाता में आज ममता की महारैली, दिखेगी विपक्षी एकता

नई दिल्ली,19 जनवरी - पश्‍चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लोकसभा चुनाव से पहले अपनी ताकत दिखाने के लिए आज कोलकाता में एक महारैली करने जा रही हैं। उन्‍होंने विपक्षी दलों के नेताओं को न्योता दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहले ही पत्र लिखकर ममता का समर्थन किया है। माना जा रहा है कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बीजेपी के खिलाफ होने वाली इस रैली में 20 के करीब दलों के नेता शामिल हो सकते हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी ममता की इस रैली में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, कांग्रेस की ओर से लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे इसमें शामिल हो सकते हैं। वहीं बसपा प्रमुख मायावती भी इस रैली में हिस्सा नहीं लेंगी। उनकी जगह पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद सतीश मिश्रा शामिल होंगे।