देश में कैंसर के मामलों में चंडीगढ़ तीसरे स्थान पर 

चंडीगढ़, 21 जनवरी (मनजोत सिंह जोत): चंडीगढ़ में कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। देश में चंडीगढ़ कैंसर के मामलों में तीसरे स्थान पर है, जबकि पहले स्थान पर दिल्ली और दूसरे स्थान पर चेन्नई है। कैंसर के फैलने का एक बड़ा कारण खराब जीवन शैली, तंबाकू और शराब का अधिक सेवन है। रात देर से सोना और प्रात: देर से उठ कर कसरत न करना भी इसका एक कारण माना जा रहा है। शहर में 63 प्रतिशत पुरुष और 83 प्रतिशत महिलाएं मोटापे का शिकार हैं। यह जानकारी पी.जी.आई. के कम्युनिटी मैडीसन विभाग के डा. जे.एस. ठाकुर ने दी। चंडीगढ़ में साल 2013 में 287, 2014 में 345 और 2015 में 351 मौतें कैंसर के कारण हो चुकी हैं। पुरुषों में फेफड़ों के कैंसर के मामले देश में सबसे अधिक चंडीगढ़ में पाए जाते हैं। पुरुषों में भोजन वाली नली और गदूदों के कैंसर के मामले भी काफी सामने आ रहे हैं। 25 प्रतिशत पुरुषों की फेफड़ों के कैंसर से मौत हो जाती है जबकि 25 प्रतिशत छाती और बच्चेदानी के कैंसर के कारण महिलाओं की मौत हो जाती है। अमरीका में लोगों को कैंसर 70 या 75 वर्ष की आयु के बाद होता है, जबकि भारत में 40 से 50 साल की उम्र में हो जाता है। पी.जी.आई. द्वारा टाटा मैमोरियल सैंटर मुंबई के सहयोग से 23 जनवरी को राष्ट्रीय जागरूकता वर्कशाप लगाई जाएगी। जिसमें कोई भी मरीज़ या लोग कैंसर के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं।