जम्मू-कश्मीर के द्रास में पारा शून्य से 31.4 डिग्री नीचे लुढ़का 

श्रीनगर, 28 जनवरी (भाषा) : कश्मीर में दो महीने से भी ज्यादा समय से शीतलहर का प्रकोप जारी है। इस बीच दुनिया के दूसरे सबसे ठंडे इलाके द्रास में पारा जमाव बिंदु से 31 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कारगिल ज़िले के द्रास इलाके में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 31.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के दूरस्थ इलाके में रविवार को अधिकतम तापमान  शून्य से नीचे 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह ज़िले में बीती रात पारा गिरकर शून्य से 15.9 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि रविवार को अधिकतम तापमान जमाव बिंदु से दो डिग्री नीचे दर्ज किया गया।