इथोपिया हेलीकाप्टर दुर्घटना में 3 की मौत, 10 घायल

अदिस अबाबा, 10 फरवरी - संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा इथोपियाई सेना का एक हेलीकाप्टर दक्षिण सूडान सीमा के पास स्थित विवादित इलाका अबेई के निकट शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें तीन लोग मारे गये और 10 अन्य घायल हो गये। संयुक्त राष्ट्र अंतरिम सुरक्षा बल (यूनीस्फा) ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूथोपियाई सेना का हेलीकाप्टर, जिसमें कुल 23 लोग सवार थे, शनिवार को तड़के यूनीस्फा परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनमें तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। अपने आधिकारिक फेसबुक साइट पर जारी वक्तव्य में यूनीस्फा ने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। यूनीस्फा के कार्यकारी प्रमुख एवं बल के कमांडर मेजर जनरल गेब्रे अधना वुल्डेज्गु ने कहा कि इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।