लीड रोल वाली फिल्मों का हिस्सा होंगे पंकज त्रिपाठी 

पंकज त्रिपाठी की कॉमेडी फिल्म ’कागज’ डिजिटल प्लेटफार्म पर रिलीज हुई थी। यह आजमगढ के उस लाल बिहारी की रियल लाइफ स्टोरी पर बेस्ड है जिसे रेवेन्यू रिकार्ड में मृतक घोषित कर दिया गया और वह खुद को जिंदा साबित करने के लिए 18 साल तक संघर्ष करता रहा।  सलमान खान द्वारा निर्मित इस फिल्म को सतीश कौशिक ने निर्देशित किया था। पंकज त्रिपाठी  ने अनुराग बसु की ’लूडो’ में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।  इन दिनों पंकज त्रिपाठी , अक्षय कुमार के साथ ’बच्चन पांडे’ के लिए स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। इसके अलावा उनके द्वारा अभिनीत रनबीर सिंह और दीपिका पादुकोण स्टारर ’फिल्म 83’ भी काफी वक्त से रिलीज की वाट जोह रही है।  पंकज त्रिपाठी 2004 में मुबई आये थे। उन्होंने छोटे छोटे किरदार से कैरियर की शुरूआत करने के बाद ’गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ’न्यूटन’ जैसी फिल्मों के अपने किरदारों के जरिए दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। इस बीच उन्होंने  शानदार अभिनय के लिए नेशनल अवॉर्ड भी जीत लिया।  संघर्ष के दिनों में पंकज की बीवी को मुंबई के एक स्कूल में टीचर की नौकरी कर घर खर्च चलाना पड़ा था लेकिन अब वो पंकज का काम देखती हैं।  पंकज त्रिपाठी ने अब तक सपोर्टिग किरदार ज्यादा किए हैं लेकिन अब वे काफी डायरेक्टर्स की मनपसंद एक्टर वाली लिस्ट में शामिल हो चुके हैं और उनमें से कुछ पंकज को लीड रोल में लेकर फिल्में बनाना चाहते हैं।  पंकज त्रिपाठी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वह एकदम नेचुरल एक्टर हैं। उन्हें बिना ऊब के कई घंटों तक देखा जा सकता है। उनकी दूसरी खूबी कि वे किसी छोटे शहर के चौराहे पर ख़डे सहज हाव भाव और साधारण बोलचाल वाली भाषा के आम शख्स की तरह नजर आते हैं। (युवराज)