गैस की किल्लत पर काबू पाने की कोशिश, बठिंडा रिफाइनरी ने बढ़ाया तीन गुना उत्पादन
चंडीगढ़, 14 मार्च - पंजाब में एलपीजी किल्लत के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिलों में रसोई व व्यावसायिक सिलिंडरों के लिए मारामारी का माहौल है। इसी के मद्देनजर बठिंडा स्थित गुरु गोबिंद सिंह रिफाइनरी ने अपना एलपीजी उत्पादन तीन गुना बढ़ा दिया है। इससे एलपीजी उपभोक्ताओं को कुछ राहत जरूर मिलेगी। इस रिफाइनरी में रोजाना 1000 टन एलपीजी का उत्पादन किया जाता है, जिसे अब बढ़ाकर 3000 मीट्रिक टन कर दिया गया है। अब प्रतिदिन करीब 90700 से बढ़कर 2.72 लाख से अधिक एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध होंगे।
कुछ हद तक मिल सकेगी राहत
इस रिफाइनरी से एलपीजी की आपूर्ति न केवल पंजाब बल्कि हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड, यूपी, जम्मू एवं कश्मीर और मध्यप्रदेश तक की जाती है। आर्सेलर कंपनी के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मीकांत मित्तल ने बताया कि इस वक्त युद्ध के हालातों के मद्देनजर देश में एलपीजी का संकट बना हुआ है। इसी को देखते रिफाइनरी ने उत्पादन तीन गुना तक बढ़ा दिया है ताकि उपभोक्ताओं को कुछ हद तक राहत मिल सके।
सीएम मान ने दी चेतावनी
उधर, सीएम भगवंत मान के अनुसार सभी जिलों के जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि तेल कंपनियों के संपर्क में रहें और एलपीजी की कमी पूरी करवाएं। कालाबाजारी व जमाखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

