'अजीत समाचार' हरियाणा प्रभारी राम सिंह बराड़ को सदमा, मां का निधन

डबवाली, 16 अक्टूबर (इकबाल सिंह शांत)- 'अजीत समाचार' के हरियाणा प्रभारी और चंडीगढ़ एवं हरियाणा जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह बराड़ का आज मां का साया छिन गया। उनकी 86 वर्षीय माता जसवन्त कौर धर्मपत्नी स्व. सरदार मिट्ठू सिंह बराड़ का एम्स बठिंडा में निधन हो गया। कल देर शाम उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें जांच के लिए एम्स बठिंडा ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज देर शाम स्थानीय राम बाग में किया गया। उनका चिता को अग्नि उनके पुत्रों राम सिंह बराड़, परमजीत सिंह बराड़ और मंजीत सिंह बराड़ ने दी। उल्लेखनीय है कि माता जसवन्त कौर का जन्म गांव मलेका (सिरसा) में हुआ था। उनके निधन पर 'अजीत प्रकाशन समूह' के प्रधान संपादक डाॅ. बरजिंदर सिंह हमदर्द, भारतीय पत्रकार संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.एन. सिन्हा, भारतीय पत्रकार संघ के महासचिव बलविंदर जम्मू, पंजाब और चंडीगढ़ पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर सिंह जांदू और संरक्षक जगतार सिंह सिद्धू ने बराड़ परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।