यमुनानगर :गन्ना मूल्य और धान घोटाले पर कांग्रेस का रोष प्रदर्शन
*रणदीप सुरजेवाला ने साधा सरकार पर निशाना
यमुनानगर: यमुनानगर में आज कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल रोष प्रदर्शन में किसानों की आवाज बुलंद हुई। गन्ने के कम दाम, धान घोटाले और सरकार की कथित नीतियों के खिलाफ यह प्रदर्शन कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के नेतृत्व में आयोजित किया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुरजेवाला ने सबसे पहले गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती हरियाणा की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा। मौजूदा भाव किसानों की मेहनत के अनुरूप नहीं है और इससे किसान लगातार नुकसान झेल रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि गन्ने का रेट तुरंत 500 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए, तभी किसानों की लागत की भरपाई संभव है।

