बजट सेशन का आज 7वां दिन
नई दिल्ली, 5 फरवरी- संसद के बजट सेशन का आज सातवां दिन है। लोकसभा में 2 फरवरी से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस चल रही है। हालांकि, पहले दो दिनों में राहुल गांधी के भाषण पर हंगामा हुआ, जिसके बाद स्पीकर ने विपक्ष के आठ सांसदों को सस्पेंड कर दिया।
आठ सांसदों के सस्पेंशन का विरोध कर रहे विपक्षी सांसदों के लगातार हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही चार बार स्थगित करनी पड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शाम 5 बजे धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देना था, लेकिन विपक्षी महिला सांसदों के हंगामे के कारण लोकसभा स्थगित कर दी गई।
जब शाम 5 बजे सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, तो विपक्षी महिला सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी की कुर्सी सहित सत्ताधारी पार्टी के नेताओं की सीटों को घेर लिया। उनके हाथ में बड़े-बड़े बैनर थे जिन पर लिखा था, "जो सही है वो करें।"
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री आज राज्यसभा को संबोधित कर सकते हैं। लोकसभा में उनके जवाब के बिना ही प्रस्ताव पास हो सकता है। इसके अलावा विपक्षी पार्टियों ने सुबह 10 बजे संसद भवन में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मलिक अर्जुन खड़गे के कमरे में मीटिंग बुलाई है।

