कार से बाइक की भिड़ंत में दो लोगों के घायल होने पर अभिनेता राजू गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
तिरुवनंतपुरम, 6 फरवरी केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में अभिनेता मणियनपिल्ला राजू की कार से हुई टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना के वक्त अभिनेता कार चला रहे थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। घायलों की पहचान सूरज (20) और निदेव (20) के रूप में हुई है, जो तिरुवनंतपुरम के निवासी हैं। म्यूजियम थाना पुलिस के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 9.30 बजे वेल्लायंबलम-वाझुथक्कड़ मार्ग पर त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुआ।
पुलिस ने बताया कि सुब्रमणियम हॉल में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राजू अपनी कार से वेल्लायंबलम-वाझुथक्कड़ मार्ग पर जा रहे थे, तभी उनकी कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। पुलिस ने कहा कि अभिनेता ने वाहन नहीं रोका और घायलों की सहायता किए बिना मौके से चले गए। मौके पर एकत्र लोगों ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनके शरीर में कई'फ्रैक्चरकी पुष्टि की। पुलिस ने बताया कि कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, जान को खतरे में डालने वाले कृत्य और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता न करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

