Artemis-2 का दूसरा फ्यूलिंग टेस्ट सफल: 6 मार्च को लॉन्च की तैयारी 

नई दिल्ली, 20 फरवरी - फ्लोरिडा के केप कैनावेरल में गुरुवार की रात नासा (NASA) के वैज्ञानिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई। नासा ने अपने विशालकाय मून रॉकेट में ईंधन भरने की अंतिम रिहर्सल दोबारा की, जो पिछली बार तकनीकी खराबी के कारण रोकनी पड़ी थी। इस बार टीम ने रॉकेट में 7 लाख गैलन से भी ज्यादा सूपर कोल्ड ईंधन भरा। काउंटडाउन को निर्धारित योजना के अनुसार अंतिम 30 सेकंड तक ले जाया गया, फिर अंतिम 10 मिनट की प्रक्रिया दोबारा दोहराई गई। नासा के मुताबिक, इस बार हाइड्रोजन का रिसाव बेहद कम और सुरक्षा मानकों के भीतर रहा। यही इस दो दिवसीय अभ्यास का सबसे अहम और चुनौतीपूर्ण हिस्सा था। 
बता दें कि दो हफ्ते पहले हुए रिहर्सल में लॉन्च पैड और रॉकेट के बीच कनेक्शन से खतरनाक स्तर पर लिक्विड हाइड्रोजन का रिसाव हुआ था। गड़बड़ी को ठीक करने मिशन के लॉन्च की डेडलाइन बढ़ा दी गई। इसके बाद इंजीनियरों ने दो सील और एक जाम फिल्टर को बदला। NASA का कहना है कि अब नए सील्स ने उम्मीद के मुताबिक बेहतर प्रदर्शन किया है।
इंजीनियर अब इस टेस्ट से मिले डेटा की जांच कर रहे हैं। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो मार्च के महीने में ही मिशन को हरी झंडी मिल सकती है। उत्साह की बात यह है कि इस मिशन के लिए चुने गए चार अंतरिक्ष यात्री, जिनमें अमेरिका और कनाडा के चालक दल शामिल हैं, शुक्रवार से दो हफ्ते के क्वारंटीन में जा रहे हैं। गुरुवार को इनमें से तीन अंतरिक्ष यात्री लॉन्च टीम के साथ खुद मौजूद थे।

#Artemis-2
# फ्यूलिंग टेस्ट