पश्चिमी यमुना नहर के पुल के नीचे मिला अज्ञात महिला का शव
यमुनानगर के फतेहपुर स्थित पश्चिमी यमुना नहर के पुल के नीचे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नहर में पानी कम होने के कारण शव को देखा और पानी में उतरकर उसे बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी बुढ़िया सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फतेहपुर पुल के नीचे नहर के पानी में एक युवती का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। युवती की एक बाजू पर ‘राजेश’ और दूसरी बाजू पर ‘दिव्या’ नाम लिखा हुआ मिला है, जो पहचान का अहम सुराग माना जा रहा है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। साथ ही आस-पास के थानों को भी सूचना भेजी गई है ताकि महिला की पहचान जल्द से जल्द हो सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

