भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज 


भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार यानी आठ मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं, लेकिन दोनों के सफर और ताकत में साफ फर्क दिखाई देता है। एक तरफ भारत की बल्लेबाजी टूर्नामेंट में शानदार लय में रही है, तो दूसरी ओर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने पूरे विश्व कप में दमदार प्रदर्शन किया है।

 840 दिन बीत चुके हैं, उसके बाद हम एक टी-20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्राफी जीत चुके हैं लेकिन 19 नवंबर 2023 की रात को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में मिला दर्द अब तक कम नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलिया ने नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में भारत को वनडे विश्व कप फाइनल में हराकर ऐसा जख्म दिया था जो अब तक साल रहा है। मैदान में मौजूद 93000 दर्शकों के साथ 140 करोड़ भारतीयों के आंसू कोई भूल नहीं सकता।

रोहित शर्मा और विराट कोहली का उदास चेहरा आज भी सबको याद है। अब उसी मैदान पर सूर्यकुमार यादव की टीम सारे मिथकों को खत्म करते हुए न्यूजीलैंड के विरुद्ध लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी-20 विश्व कप जीतने उतरेगी। भारतीय टीम यहां पर पिछले दो बड़े मैच हारी है। 2023 में हुए फाइनल के अलावा उसे इस टी-20 विश्व कप के सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध हार मिली।

#भारत और न्यूजीलैंड