गुरदासपुर :पुरानी रंजिश में युवक ने पड़ोसियों के घर में चढ़कर ईंटें फेंकी, वीडियो वायरल
गुरदासपुर में दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी रंजिश में एक पक्ष के युवक ने पड़ोसियों के घर में चढ़कर ईंटें फेंकी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में इस युवक के हाथ में एक धारदार हथियार भी दिख रहा है। वहीं, पड़ोसी के बेटे सुनील ने आरोप लगाया है कि ईंटें फेंकने के बाद यह युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ उसके घर पहुंचा और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उसने बताया कि हमलावर उससे किसी बात को लेकर रंजिश रखता था और उसके छोटे भाई की पत्नी पर भी बुरी नज़र रखता था और गलत इशारे करता था।
उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले में सदर थाने के SHO अमनदीप सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। एक पक्ष का सुनील नाम का युवक भी घायल हुआ है और उन्हें वायरल वीडियो के बारे में भी पता चला है जिसमें पड़ोसी ईंटें फेंकता दिख रहा है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

