मशहूर गायिका आशा भोसले की तबीयत बिगड़ी, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती
मुंबई, 11 अप्रैल - भारतीय संगीत जगत से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। मशहूर गायिका आशा भोसले को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों ने उनकी हालत पर ज्यादा कुछ बताने से इनकार किया है, जिससे फैंस की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि उन्हें एहतियातन निगरानी में रखा गया है। जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया है।
आशा भोसले बॉलीवुड के लेजेंडरी सिंगर्स में से एक हैं। उन्होंने अपनी आवाज का जादू बॉलीवुड फिल्मों में 1950 के दशक में चलाया था। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर 40 और 50 के दशक की बड़ी गायिका थीं। मंगेशकर परिवार से आईं आशा भी अपनी बहन की ही तरह सुरीली आवाज वाली थीं।
मशहूर गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले की पोती ज़नाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, "मेरी दादी, आशा भोसले, बहुत ज़्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं... उनका इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा।"



