मथुरा नाव हादसा: यमुना में दो और शव मिले, अब तक 13 श्रद्धालुओं की माैत 

वृंदावन, 12 अप्रैल - वृंदावन में यमुना में डूबे पांच लोगों में से दो के शव रविवार सुबह मिले। एक युवक का शव हादसे की जगह से तीन किमी दूर अक्रूर घाट के पास मिला, वहीं एक महिला का शव देवरहा बाबा घाट के समीप मिला है। नाव हादसे में अब तक 13 श्रद्धालुओं की माैत हो चुकी है। तीन की तलाश अब भी जारी है।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि रविवार सुबह यमुना नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान ऋषभ शर्मा के रूप में हुई है। उसका शव हादसे की जगह से तीन किलोमीटर दूर अक्रूर घाट के पास मिला है। वहीं, एक महिला का शव देवरहा बाबा घाट के पास मिला है। महिला की पहचान 21 वर्षीय डिकी बंसल के रूप में हुई है। तीन लोग लापता हैं, उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
 
वृंदावन में शुक्रवार दोपहर को हुए दर्दनाक मोटरबोट हादसे में लापता श्रद्धालुओं की तलाश जारी है। हादसे के बाद श्रद्धालुओं के घरों में मातम पसरा है। मथुरा से लेकर पंजाब तक लापता श्रद्धालुओं के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हादसे का शिकार हुए अधिकांश श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना और जगरांव के रहने वाले थे। लापता श्रद्धालुओं में पंकज मल्होत्रा, यश भल्ला, मोनिका शामिल हैं।

 
#मथुरा
# नाव
# यमुना