जालंधर के मलसियां में एक्सीसेंड में 2 की मौत


जालंधर की तहसील शाहकोट के मलसियां में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई जबकि बच्ची सहित दंपति जख्मी हो गए। जख्मियों को नकोदर के सिविल अस्पताल से फर्स्ट एड देकर जालंधर रैफर किया गया है।
हादसा सुबह 11 बजे के करीब लोहियां रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार राहुल (32) पुत्र गुरमेज, मोहित (22) पुत्र परमजीत दोनों निवासी लोहियां खास और काला राम पुत्र धर्म चंद, रानी पत्नी काला राम व छोटी बच्ची निवासी मोहल्ला रविदासपुरा नकोदर मोटरसाइकिल से लोहियां से नकोदर की तरफ जा रहे थे।
जब ये मलसियां के लोहियां रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास पहुृंचे, तो सामने से मोटरसाइकिल पर आ रहे लतीफ अली पुत्र परमजीत निवासी पंडेरी मट्टूआं के साथ टकराने के कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया, जिस कारण मोटरसाइकिल सवार राहुल पुत्र गुरमेज और मोहित पुत्र परमजीत की शाहकोट से लोहियां वाली साइड को जा रही रेत से ओवरलोड ट्राली के नीचे आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू
हादसे में ज़ख्मी काला राम और रानी को नकोदर के सरकारी अस्पताल में भेजा गया। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जालंधर के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। मलसियां चौकी के इंचार्ज ने बताया कि मृतक राहुल के पिता गुरमेज के बयानों पर ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ पर्चा दर्ज करके हादसे की जांच की जा रही है।

#जालंधर के मलसियां