ईरानी राष्ट्रपति बोले- दबाव में आकर बातचीत नहीं करेगा तेहरान

तेहरान, 26 अप्रैल - ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने स्पष्ट किया है कि उनका देश दबाव, धमकियों और घेराबंदी के माहौल में किसी भी तरह की बातचीत नहीं करेगा। उन्होंने यह बात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान कही। इस बातचीत में उन्होंने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह बातचीत और युद्धविराम (सीजफायर) के दौरान लगातार समझौतों का उल्लंघन और दबाव की नीति अपना रहा है।

ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए समुद्री प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय समझौतों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयां और धमकी भरे बयान शांति प्रक्रिया पर भरोसे को कमजोर करते हैं। पेजेश्कियान ने यह भी कहा कि ईरान अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अमेरिका या इस्राइल की किसी भी नई टकराव की स्थिति के गंभीर परिणाम हो सकते हैं, जो क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता को प्रभावित करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध और आपसी सम्मान के आधार पर संबंध मजबूत करना चाहता है, खासकर फारस की खाड़ी के दक्षिणी देशों के साथ। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये देश भी बाहरी हस्तक्षेप से दूर रहकर क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को मजबूत करने में सहयोग करेंगे।

 
#ईरानी राष्ट्रपति
# तेहरान