पंजाब में गर्मी का प्रकोप बढ़ा
चंडीगढ़, 18 अप्रैल- पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी तेज होने लगी है। आज से अगले छह दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने पांच जिलों फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा के लिए लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में मौसम शुष्क रहेगा।
रविवार के मुकाबले तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह अब सामान्य के करीब है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 43.1 डिग्री दर्ज किया गया. गर्मी बढ़ने के साथ-साथ बिजली की मांग भी बढ़ गई है। आज सुबह राज्य की बिजली मांग 10,738 मेगावाट तक पहुंच गई। इस दौरान सेंट्रल पूल से 7,412 मेगावाट बिजली पैदा हो रही है और पंजाब खुद 3,343 मेगावाट बिजली पैदा कर रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, इसमें चार दिन तक का अंतर हो सकता है. इसका मतलब है कि 22 से 30 मई के बीच कभी भी मानसून आ सकता है।

