राजस्थान : नीट पेपर लीक मामले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधान के इस्तीफे की मांग 



जयपुर, 21 मई (भाषा) कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बृहस्पतिवार को नीट पेपर लीक और अन्य मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन के दौरान राजस्थान भाजपा मुख्यालय की ओर रैली निकालने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की धारा का इस्तेमाल किया। 
    प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष  के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से पैदल मार्च पर निकले। वे शहीद स्मारक होते हुए रैली के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे और हाथों में तख्तियां व बैनर लिए हुए थे। 
शहीद स्मारक के पास पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात किए और बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढऩे से रोका। जब कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार कर भाजपा कार्यालय की ओर बढऩे की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की धारा का प्रयोग किया।      रैली से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डोटासरा ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में बार-बार हो रही अनियमितताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) पर से  जनता का भरोसा खत्म कर दिया है। 
    उन्होंने कहा, एनटीए को भंग किया जाना चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। डोटासरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मामले में जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मामले की सीबीआई जांच अदालत की निगरानी में होनी चाहिए। कांग्रेस ने दावा किया कि नीट पेपर लीक से करीब 22 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। 
    विपक्ष के नेता टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ नेता इस रैली में शामिल हुए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पोस्टर और बैनर भी लिए थे।     

#राजस्थान
#लीड
#कांग्रेस
#प्रदर्शन