जालंधर: ई-रजिस्ट्री में फोटो को लेकर विरोध, वकील ने लगाए बदसलूकी के आरोप


वकीलों ने रखा No Work Day, ठेकेदार का आया बयान
जालंधर , 25 मई तहसील कार्यालय में ई-रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान फोटो खींचने के मामले में विवाद हो गया। इस मामले में एडवोकेट रविंदर मनूजा ने बदसलूकी, गाली-गलौज और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए है। इस मामले को लेकर कोर्ट परिसर में वकीलों द्वारा रोष जाहिर करते हुए आज नो वर्क डे रखा है। वकील रविंदर मनूजा का आरोप है कि सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के अंदर एक तथाकथित ठेकेदार और उसके 11-12 गुर्गों ने मिलकर उन्हें घेर लिया और उन पर हमला करने का प्रयास किया। जब इस अवैध काम का विरोध किया गया, तो खुद को फंसता देख उक्त आरोपियों ने मामले को भटकाने के लिए अब 'जातिसूचक शब्द' कहने की झूठी कहानी गढ़नी शुरू कर दी है। घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
पीड़ित एडवोकेट रविंदर मनूजा ने बताया कि वे तहसील कार्यालय में बैंक की एमओडीटी रजिस्टर करवाने के लिए गए थे। वहां उन्होंने देखा कि कुछ अज्ञात लोग सब-रजिस्ट्रार के केबिन के अंदर खड़े होकर जबरन लोगों की ग्रुप फोटो खींच रहे थे। वकील मनूजा ने जब इस बात का विरोध किया और कहा कि जब से सरकार द्वारा ई-रजिस्ट्री की व्यवस्था शुरू की गई है, तब से पोर्टल या नियमों में ऐसी किसी भी ग्रुप फोटोग्राफी का कोई प्रावधान ही नहीं है। अगर ऐसा कोई नियम होता तो पोर्टल खुद फोटो की मांग करता।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडवोकेट रविंदर मनूजा ने तुरंत अंदर जाकर तहसीलदार से इस संबंध में सीधे पूछताछ की। उन्होंने तहसीलदार से पूछा कि क्या विभाग की तरफ से ऐसी किसी फोटो की कोई आवश्यकता या गाइडलाइन है? इस पर तहसीलदार ने साफ तौर पर इनकार करते हुए कहा कि हमारी तरफ से ऐसी कोई भी रिक्वायरमेंट नहीं है। तहसीलदार ने आगे कहा कि यह व्यक्ति खुद को डीसी ऑफिस से मिला ठेकेदार बताता है, लेकिन विभाग को इस तरह की किसी भी फोटो की कोई जरूरत नहीं है।

तहसीलदार से जवाब मिलने के बाद जब एडवोकेट मनूजा ने फोटो खिंचवाने से साफ मना कर दिया और दफ्तर से बाहर आए, तो वहां पहले से घात लगाए बैठे कथित ठेकेदार और उसकी टीम के करीब 11 से 12 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने सरेआम गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें 'चोर' कहते हुए धमकी दी कि तुम हमारा काम रोक रहे हो, तुम्हें बाहर देख लेंगे। पीड़ित का आरोप है कि इन लोगों ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को पूरी तरह से घेरा हुआ है और वहां एक संगठित गैंग की तरह काम कर रहे हैं।

#जालंधर
#