दिल्ली से केरल तक बारिश-आंधी का अलर्ट जारी; कई राज्यों में गर्मी से राहत

नई दिल्ली, 30 मई - देशभर में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक बड़ा यू-टर्न ले लिया है। दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, राजस्थान और केरल समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं कुछ राज्यों में अभी भी ऊष्ण लहर यानी हीटवेव का असर बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। सुबह तक तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे, लेकिन शाम होते-होते काले बादल छा गए और कई इलाकों में धूल भरी आंधी के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। गुरुग्राम में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिल्ली में 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले चार से पांच दिन तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा और तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।
 

 
#दिल्ली
# केरल
# बारिश
# आंधी
# गर्मी