रेनबो पहाड़ कहां है ?
‘दीदी, मैं एक जगह पढ़ रहा था कि कुछ लैंडस्केप इतने अविश्वसनीय होते हैं कि उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि वह प्रकृति का हिस्सा ही नहीं हैं, उन्हें रंगों से संपादित कर दिया गया है।’
‘हां, पृथ्वी पर ऐसी असामान्य सुंदर जगहें भी हैं।’
‘मसलन, किसी एक जगह का नाम बताएं।’
‘एक पहाड़ है, जो ऐसा प्रतीत होता है जैसे उसे पेंट कर दिया गया हो। उसकी ढलान पर अनेक रंग हैं, जो रोशनी व दूरी से बदलते रहते हैं। इस पहाड़ को रेनबो माउंटेन कहते हैं।’
‘यह पहाड़ है कहां पर?’
‘यह ऊंचा चमत्कार पेरू में छुपा हुआ है, वैसे इसे अब तो अंतर्राष्ट्रीय ख्याति मिल गई है और पर्यटकों की वहां भीड़ लगने लगी है।’
‘रेनबो माउंटेन पेरू में किस जगह पर है?’
‘पेरू की एंडीज पर्वत श्रृंखला में स्थित इस पहाड़ का नाम विनीकुंका है, लेकिन इसे रेनबो माउंटेन कहते हैं।’
‘अपने प्राकृतिक तौर पर रंगीन ढलानों की वजह से?’
‘हां। यह 5,000 मीटर से भी अधिक ऊंचाई पर स्थित है, लेकिन फिर भी हाल के वर्षों में इस प्राकृतिक आकर्षण को देखने के लिए पेरू में सबसे ज्यादा लोग जाते हैं।’
‘रेनबो माउंटेन में रंग कहां से आये?’
‘सदियों से खनिजों की जो परतें इस पर बनीं उनकी वजह से इसके लैंडस्केप पर अलग-अलग रंग आ गये।’
‘इस पहाड़ पर कौन-कौन से रंग दिखायी देते हैं?’
‘लाल आयरन ऑक्साइड की वजह से। पीला व सुनहरा सल्फाइड खनिजों के कारण। हरा क्लोराइट व अन्य कंपाउंड्स की वजह से। सेडीमेंटरी परतों के मिश्रण से ब्राउन व पर्पल टोन आती हैं।’
‘लेकिन इस पहाड़ की चर्चा अभी क्यों होने लगी है?’
‘दरअसल, यह हमेशा ऐसा नहीं दिखायी देता था जैसा कि अपने वर्तमान रूप में है। यह लम्बे समय तक बर्फ से ढका रहा। जब बर्फ इस पर से हटने लगी तो इसका रंगीन पैटर्न भी दिखायी देने लगा।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



