उत्तर प्रदेश के कई शहरों में हो सकती है बारिश
नई दिल्ली, 15 जून - दिल्ली-एनसीआर में 15 से 17 जून के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 15 जून के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश में 15 जून को कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, गोंडा, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मथुरा, अलीगढ़, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कानपुर, हमीरपुर, जालौन और झांसी समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी में 15 से 20 जून तक छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 20 जून के बीच बारिश बढ़ने के आसार हैं।
बिहार में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। वेस्ट चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में 15 जून को गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार पहुंच सकता है। 16 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

