राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा दावा, शुक्रवार को होगा US-ईरान में शांति समझौता

नई दिल्ली, 15 जून - अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म होने की उम्मीद जगी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है। यह हलचल दोनों देशों के बीच शांति समझौते की घोषणा के बाद दिखी है। अमेरिका और ईरान आगामी शुक्रवार को एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेंगे। इससे अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध रुक जाएगा। हालांकि, अमेरिकी सेना ने साफ किया है कि शुक्रवार को आधिकारिक दस्तखत होने तक ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी पूरी तरह जारी रहेगी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि तेल से लदे कई जहाज होर्मुज जलमार्ग से बाहर निकल रहे हैं। ये जहाज ओमान के समुद्री क्षेत्र वाले 'साउदर्न हाईवे' से जा रहे हैं। ट्रंप ने इस रास्ते को सुरक्षित और बेहतरीन बताया है।

दूसरी ओर, अमेरिकी सैन्य सलाहकारों ने जहाजों को सख्त निर्देश दिए हैं। रॉयटर्स के अनुसार, सेना ने कहा है कि जब तक नया आदेश न मिले, कोई जहाज नाकेबंदी पार न करे। इस शुरुआती समझौते में सिर्फ रास्ता खोलने और नाकेबंदी हटाने पर सहमति बनी है। परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों जैसे कड़े मुद्दों पर अगले 60 दिनों तक अलग से बातचीत होगी।

 
#राष्ट्रपति ट्रंप