DJ रोकने गई पुलिस पार्टी पर हमला, दो पुलिसवाले घायल; 7 के खिलाफ केस, 5 गिरफ्तार
मोगा, 30 जून - मोगा में देर रात DJ रोकने गई पुलिस पार्टी पर हमले का मामला सामने आया है। इस हमले में दो पुलिसवाले घायल हो गए। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है।
पिछले रविवार रात पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर शिकायत मिली थी कि मोगा के कोटकपूरा बाईपास पर देर रात तक तेज आवाज में DJ बज रहा है। शिकायत के आधार पर PCR में तैनात हेड कांस्टेबल सुब्बा सिंह और गुरभेज सिंह मौके पर पहुंचे और उन्हें DJ बंद करने को कहा।इसी बीच, वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसवालों से बहस करते हुए उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों पुलिसवाले घायल हो गए, जिन्हें तुरंत मोगा के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
DSP सिटी जतिंदर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

