आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस और कार की भीषण टक्कर, पांच लोगों की मौत
लखनऊ, 1 जुलाई- उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह एक कार से टकरा गई। टक्कर के बाद बस डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए खाई में पलट गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।
यह दुर्घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 230.800 किलोमीटर के पास हुई। संत कबीर नगर में पंजीकृत कार में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें से पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले बांगरमऊ सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं, बस में 85 यात्री सवार थे। बस के पलटने से 17 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

