किन्नौर में मानसून का कहर, चोलिंग के पास भारी बाढ़ से NH-5 ठप; कई गाड़ियां फंसीं


किन्नौर, 3 जुलाई  - हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में मानसून की रफ्तार के साथ ही आफत का दौर भी शुरू हो गया है। बीती रात चोलिंग के निकट हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के मलबे और दलदल के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है।

बाढ़ का वेग इतना तेज़ था कि सड़क पर चल रहे कई वाहन अचानक आए मलबे और दलदल की चपेट में आकर वहीं फंस गए। राहत की बात यह रही कि इस अचानक आई आपदा में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है और सभी लोग सुरक्षित हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया है। डीसी किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया:
"चोलिंग के पास मार्ग को साफ करने और फंसे वाहनों को निकालने के लिए भारी मशीनरी को काम पर लगा दिया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर मुस्तैद है और बंद पड़े राष्ट्रीय उच्च मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।"


 

#किन्नौर