रेवाड़ी में रिटायर्ड सूबेदार के घर में भयानक धमाका, 5 लोग झुलसे


रेवाड़ी , 6 जुलाई  -  रेवाड़ी हरियाणा के रेवाड़ी शहर के हंस नगर में रविवार को हड़कंप मच गया. यहां पर सेना से रिटायर्ड एक सूबेदार के घर में जोरदार धमाका हो गया. इस भीषण हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. घायलों में से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज सुनकर पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर भागने लगे.​
हादसा फौज से रिटायर्ड सूबेदार सतबीर के घर पर हुआ. ब्लास्ट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकान की दीवारें, जंगले और चौखट पूरी तरह टूट गए. घर की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे चकनाचूर होकर दूर-दूर तक बिखर गए. यहां तक कि घर का भारी मुख्य दरवाजा भी उखड़कर बाहर जा गिरा और मजबूत लोहे की एंगल तक मुड़ गईं. धमाके के दबाव के कारण घर पर लगा तिरपाल उड़कर पड़ोसी की दीवार पर जा चिपका.

# रेवाड़ी