चलती जुगाड़ू मोटरसाइकिल हॉकर के फ्यूल टैंक में लगी आग, बड़ा हादसा टला
ज़ीरकपुर, 7 जुलाई मंगलवार को ज़ीरकपुर में सीखो पैलेस के सामने उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक चलती जुगाड़ू मोटरसाइकिल हॉकर के फ्यूल टैंक में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान सड़क पर चल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन हॉकर ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, कबाड़ से लदा जुगाड़ू हॉकर पंचकूला से ज़ीरकपुर की तरफ आ रहा था। जैसे ही हॉकर सीखो पैलेस के सामने पहुंचा, फ्यूल टैंक में अचानक आग लग गई। आग देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
हॉकर ड्राइवर ने बताया कि आग लगते ही उसने तुरंत टैंक को गाड़ी से अलग करके सड़क पर फेंक दिया, जिससे आग पूरी हॉकर तक नहीं फैली। मौके पर मौजूद लोगों ने भी तुरंत मदद की और आग पर काबू पा लिया।
इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। समय पर कार्रवाई की वजह से जान-माल का बड़ा नुकसान टल गया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है।



