मानसून से पहले नालों की सफाई पूरी, पानी की निकासी में नहीं आएगी रुकावट: बरिंदर गोयल
अमृतसर, 8 जुलाई - पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने मंगलवार को अमृतसर में तुंगधब ड्रेन का दौरा किया और मानसून सीजन से पहले चल रहे सफाई के काम का जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ स्थानीय MLA और जल संसाधन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। मीडिया से बात करते हुए मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि मानसून को ध्यान में रखते हुए नालों की सफाई को प्राथमिकता दी गई है ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी में कोई रुकावट न आए। उन्होंने कहा कि तुंगधब ड्रेन, जो शहर का मुख्य ड्रेन है, उसे पूरी तरह से साफ कर दिया गया है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के सात अन्य नालों की सफाई भी लगभग पूरी हो चुकी है और सारा काम विभाग के तय मानकों के अनुसार किया गया है। मंत्री ने कहा कि नालों की सफाई के बाद बारिश के पानी की निकासी में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करके बाढ़ से बचाव और नहर के पानी से जुड़े कामों का भी जायजा ले रहे हैं। बरिंदर गोयल ने कादियां विधानसभा क्षेत्र में हुए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से नहर प्रोजेक्ट पूरा हो गया है, जिससे 45 हजार एकड़ जमीन को नहर का पानी मिलने लगा है।

