Himachal Accident: लाहौल के कडू नाला में पहाड़ी गिरने से टैक्सी दबी, कुल 13 लोगों की मौत
उदयपुर (लाहौल-स्पीति) - हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी टाटा सूमो (एचपी-01एम-2210) मलबे में दब गई। हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने इसकी पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।

