उत्तराखंड सरकार के 10 विभागों की वेबसाइटों पर साइबर हमला, बैकअप डेटा से सेवाएं बहाल
देहरादून, 2 अगस्त- उत्तराखंड सरकार के 10 विभागों की आधिकारिक वेबसाइटें साइबर हमले का शिकार हो गईं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें अस्थायी रूप से ऑफलाइन करना पड़ा। कई घंटों की कोशिशों के बाद सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) ने बैकअप डेटा की मदद से सभी प्रभावित वेबसाइटों को सफलतापूर्वक बहाल कर दिया।
आईटीडीए के निदेशक आलोक पांडे ने बताया कि कई विभागीय वेबसाइटें मालवेयर हमले की चपेट में आ गई थीं। हालांकि, साइबर सुरक्षा टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया। सुरक्षा कारणों से प्रभावित वेबसाइटों को अस्थायी रूप से ऑफलाइन किया गया, ताकि किसी भी संभावित नुकसान को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में हुए बड़े साइबर हमले के बाद राज्य डेटा सेंटर में सुरक्षित बैकअप की व्यवस्था की गई थी। इसी वजह से आईटीडीए की टीम कुछ घंटों की कड़ी मेहनत के बाद वेबसाइटों और सेवाओं को दोबारा बहाल करने में सफल रही।
जिन विभागों की वेबसाइटें इस साइबर हमले से प्रभावित हुईं, उनमें मुख्यमंत्री राहत कोष, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, उत्तराखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (यूआरईडीए), राज्य कर विभाग, ईएसआईसी, परिवहन विभाग तथा पर्यटन विभाग शामिल हैं।
फिलहाल सभी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से बहाल कर दी गई हैं और साइबर हमले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

