असम में बाढ़ से 1.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, मृतकों की संख्या 98 हुई

गुवाहाटी, 8 अगस्त (पीटीआई)- असम में बाढ़ से 1.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि अब तक बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, राज्य के 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि चराइदेव जिले के महमौरा राजस्व सर्किल से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है, जिसके बाद बाढ़ से मरने वालों की संख्या 98 हो गई।

शुक्रवार को शिवसागर, गोलाघाट, नगांव, होजाई, सोनितपुर, धेमाजी, दरांग, विश्वनाथ, कामरूप (मेट्रो), लखीमपुर, उदलगुड़ी, जोरहाट और चराइदेव जिले बाढ़ से प्रभावित रहे।

बाढ़ से कुल 1,55,849 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें गोलाघाट सबसे अधिक प्रभावित जिला रहा, जहां 58,750 लोग प्रभावित हुए। इसके बाद शिवसागर में 48,286 और जोरहाट में 25,259 लोग प्रभावित हुए।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार 9 से 30 अगस्त तक सबसे अधिक प्रभावित जिलों जोरहाट, शिवसागर, गोलाघाट और चराइदेव में बाढ़ से हुए नुकसान का घर-घर जाकर आकलन करेगी।

सरकार का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थायी पुनर्वास के लिए जल्द से जल्द आवश्यक धनराशि जारी करना है।

 
#असम में बाढ़ से 1.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
# मृतकों की संख्या 98 हुई